बंद करे

पर्यटन

चंडीगढ़ में कई प्रकार के पर्यटक स्थल हैं। पर्यटक आसानी से चंडीगढ़ पहुंच सकता है क्योंकि यह प्रमुख शहरों से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है।

 

हवाई मार्ग से
एयरपोर्ट शहर के केंद्र बिंदु से 11 किलोमीटर की दूरी पर है। एयरपोर्ट आने-जाने के लिए टैक्सी की सुविधा उपलब्ध है। चण्डीगढ़ एयरपोर्ट से लगभग सभी प्रमुख शहरों के लिए इंडियन एयरलाइन, जेट एयरवेज, एयर डेक्कन आदि विमान सेवाएं उपलब्ध हैं। एयरपोर्ट पर चण्डीगढ़ प्रशासन का सुव्यवस्थित पर्यटन सूचना केंद्र है।

रेल मार्ग से

चण्डीगढ़ राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से रेल द्वारा जुड़ा है। चण्डीगढ़ रेलवे स्टेशन शहर के केंद्र बिंदु सैक्‍टर 17 से 8 किलोमीटर की दूरी पर है। दिन में तीन बार चलने वाली शताब्दी एक्‍सप्रैस, एक जन शताब्दी एवं हिमालयन क्वीन ट्रेन चण्डीगढ़ को नई दिल्ली से बखूबी जोड़ती हैं। साथ ही यहां से चलने वाली पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेन शहर को मुंबई से; सद्भावना एक्सप्रेस लखनऊ से, केरल संपर्क क्रांति केरल से और चेन्नई एक्सप्रेस चेन्नई से जोड़ती है।

सड़क मार्ग से
चण्डीगढ़ शहर बेहतरीन रुप से सड़क मार्ग से जुड़ा है और बसें महत्वपूर्ण परिवहन के रूप में उपलब्ध हैं। यहां से हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड एवं दिल्ली आदि जैसे विभिन्न राज्यों के लिए बस सेवाएं उपलब्ध हैं। चूंकि शहर हिमाचल प्रदेश का प्रवेश द्वार है, यहां से कसौली, चैल, शिमला आदि हिल स्टेशनों पर कुछ ही घंटे में पहुंचा जा सकता है। चण्डीगढ़ से कुल्लू, मनाली एवं रोहतांग ग्लेशियर तक आसान पहुंच है उपलब्‍ध। संघशासित प्रदेश चण्डीगढ़ में बेहतरीन सड़क नेटवर्क है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 (अंबाला- किन्नौर) एवं 22 (चण्डीगढ़- लेह) चण्डीगढ़ को शेष भारत से जोड़ने की प्रमुख सड़कें हैं। शहर से अनेक लोकप्रिय स्थान एवं तीर्थ स्थल मोटर गाड़ी से जाने तक की दूरी पर हैं। अनेक राज्यों की सड़क परिवहन बसें चण्डीगढ़ को पड़ोसी राज्यों के विभिन्न शहरों और कस्बों से जोड़ती हैं। यह बसें वातानुकूलित, डीलक्स, सेमी-डीलक्स अथवा साधारण हैं। शहर का अंतर्राज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी), सैक्‍टर-17 में स्थित है।